कुड़वा के पांडू चट्टान में कार्यकर्ती को हटाने की मांग, पोषाहार वितरण में अनियमितता और महिला की मौत के मामले को लेकर भी उठाए सवाल
कोन (सोनभद्र)। विकासखंड कोन के ग्राम पंचायत कुड़वा के पांडू चट्टान स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। कार्यकर्ती प्रतिमा देवी पर पिछले 8 से 10 दिनों से केंद्र पर नहीं आने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की जांच कराकर कार्यकर्ती को हटाने और केंद्र पर दूसरी योग्य कार्यकर्ती की नियुक्ति करने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर कार्यकर्ती की नियमित उपस्थिति नहीं होने से छोटे बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, पोषण और देखभाल संबंधी व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। केंद्र के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं के वितरण पर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि विभागीय अधिकारियों को केंद्र की वास्तविक स्थिति की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
पोषाहार वितरण में अनियमितता का आरोप
ग्रामीणों की ओर से जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को दिए गए शिकायती पत्र में पोषाहार वितरण में कथित अनियमितता का भी आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि बच्चों और पात्र महिलाओं को शासन की ओर से मिलने वाली सुविधाओं का नियमित एवं उचित वितरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र की उपस्थिति पंजिका, पोषाहार वितरण रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच कराने की मांग की है।
महिला की मौत के मामले का भी किया उल्लेख
शिकायती पत्र में विद्यावती देवी (50) की मौत के मामले का भी उल्लेख किया गया है। शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में विद्यावती देवी घायल हो गई थीं। परिजनों के मुताबिक, उनके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। उपचार के दौरान 13 सितंबर 2026 को उनकी मौत हो गई। इसके बाद मृतका के बेटे महावीर प्रसाद गुप्ता ने कोन थाने में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
ग्रामीणों ने शिकायत में प्रतिमा देवी समेत अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है। हालांकि, इस मामले में आरोपों की सत्यता और संबंधित लोगों की भूमिका जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
जनसुनवाई पोर्टल पर भी दर्ज कराई शिकायत
ग्रामीणों के मुताबिक, मामले को लेकर जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसकी संदर्भ संख्या 40020026021502 है। शिकायतकर्ताओं ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने और आंगनबाड़ी केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र की व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बच्चों और अन्य पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती रहेगी। उन्होंने विभाग से जल्द कार्रवाई कर केंद्र पर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की।
प्रदर्शन में मदन चेरो (पूर्व सदस्य), विजय, अरुण कुमार, आरती, खुशबू, कोशिला, मीरा, मंजू देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। इस बावत् जिला कार्यक्रम अधिकारी सोनभद्र ने कहा कि आपसी रंजिस के कारण ये सब बात आ रही है तीन सदस्यी टीम बनाई गई है जाँच आख्या प्राप्त होते ही अग्रिम कार्यवाही की जायेगी ।
