वोट चोरी के मुद्दे पर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने भाजपा सरकार पर लगाए तानाशाही के आरोप
सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर सोमवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंचने की सूचना मिलते ही महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे के नेतृत्व में पार्टी के वरिष्ठ नेता और सैकड़ों महिला कार्यकर्ता कार्यालय पहुंच गईं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष ऊषा चौबे ने आरोप लगाया कि वोट चोरी का विरोध करने पर देश की बेटियों के साथ दिल्ली पुलिस, भाजपा और आरएसएस द्वारा मारपीट की जा रही है तथा अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना रही है और छात्रों, किसानों तथा युवाओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है।
ऊषा चौबे ने कहा कि महिला पत्रकारों को हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या देश में लोकतंत्र और विरोध दर्ज कराने की स्वतंत्रता सुरक्षित है? उनके मुताबिक, वोट चोरी के मुद्दे पर देश के युवा ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार इस पर मौन है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे पर संघर्ष कर रहे हैं। देश के युवा और महिलाएं अब अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए युवा और महिलाएं संकल्पित हैं।
प्रदर्शन के दौरान दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से माहौल गरम रहा। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उग्र विरोध के बाद भाजपा कार्यकर्ता वहां से चले गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस बल तैनात रहा।
इस मौके पर बेबी सिंह, मंजू देवी, ऊषा विश्वकर्मा, राजबली पाण्डेय, नूरुद्दीन खान, कन्हैया पाण्डेय, आशीष सिंह, लल्लू राम पाण्डेय, मृदुल मिश्रा, सूरज वर्मा, चेतराम केसरी, प्रांजल श्रीवास्तव, सनी शुक्ला, सद्दाम हुसैन सहित अन्य कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
