Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: मिशन शक्ति फेज-6.0 का शुभारंभ, एसपी ने हरी झंडी दिखाकर पैदल मार्च को किया रवाना

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

सोनभद्र। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सोमवार को जनपद सोनभद्र में मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रॉबर्ट्सगंज कस्बे के राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज से भव्य पैदल मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति आमजन को जागरूक किया गया।

पैदल मार्च में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा सहित राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, विंद बीएड कॉलेज एवं साई पैरामेडिकल कॉलेज की छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा महिला सहायता समूह और मारवाड़ी मंच की महिलाएं भी शामिल हुईं। मार्च के जरिए नारी सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने आमजन से महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने तथा समाज में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाने में सहयोग करने की अपील की।

अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, परेशानी अथवा आपातकालीन स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला पावर लाइन के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन के लिए 181 तथा साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त महिला पुलिस हेल्पलाइन 1091 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की भी जानकारी दी गई।

सोनभद्र पुलिस ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |