1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होगी महारैली, जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में बनी रणनीति
सोनभद्र। दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए सोनभद्र से करीब 300 कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। इसे लेकर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं सोनभद्र के प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान महारैली की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए देवेंद्र प्रताप सिंह ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने और चुनाव में वोटों की चोरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी संविधान की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर महारैली को सफल बनाएं। उनके अनुसार, देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने कहा कि सोनभद्र के कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रमों में हमेशा बढ़-चढ़कर भाग लेते रहे हैं। एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली महारैली में भी जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ दिल्ली कूच करने की तैयारी में जुटे हैं।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे संघर्ष में अपनी भागीदारी निभाना चाहते हैं।
बैठक का संचालन पूर्व शहर अध्यक्ष राजीव त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर निवर्तमान प्रदेश सचिव जितेंद्र पासवान, पूर्व प्रदेश सचिव कमलेश ओझा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन मोहन मिश्रा, जगदीश मिश्रा, संगीता श्रीवास्तव, शारद पनिका, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा, सेवादल जिलाध्यक्ष कौशलेंद्र पाठक, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष उषा चौबे, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता, राहुल जैन, रामकेश पनिका,और राजू मौर्य समेत अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
