चुर्क सीमेंट फैक्ट्री तक भारी वाहनों की आवाजाही होगी आसान, प्रस्ताव शासन को भेजा गया।
सोनभद्र। जिले में औद्योगिक विकास और आवागमन को बेहतर बनाने के लिए योगी सरकार की औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत 290.50 करोड़ रुपये की लागत से 13 सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के अनुसार, इन सड़कों के निर्माण से औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आमजन को भी आवागमन में राहत मिलेगी।
प्रस्ताव में चुर्क सीमेंट फैक्ट्री के लिए दो फोरलेन लिंक रोड, किरहुलिया से महुली विहार बॉर्डर, चेरुई से मारकुंडी जूनियर हाईस्कूल, खड़िया से वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग और पटवध-बसुहारी सहित विभिन्न सड़कों का निर्माण शामिल है। इससे भारी वाहनों के परिवहन में सहूलियत मिलने और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व में भेजे गए चार सड़क निर्माण प्रस्तावों को शासन से वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। इन पर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
