सपा MLC उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने रोते हुए जहां पर लगाया था बूथ कैपचरिंग का आरोप, वहां फिर से होगा मतदान
October 24, 2026
यूपी में शुक्रवार को हुए एमएलसी चुनाव में आगरा के तीन केंद्रों पर पुर्नमतदान होगा। आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर ने तीन बूथों पर पुनर्मतदान की संस्तुति की थी। प्रस्ताव में आगरा के खेरागढ़, फतेहाबाद और सैया में पुर्नमतदान कराने की सिफारिश की गई थी। हालांकि अभी पुनर्मतदान की तारीख नहीं बताई गई है। मुख्य चुनाव अधिकारी नवदीप रिणवा का कहना है कि वहां सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल का वीडियो वायरल हुआ था। इसके बाद उन्होंने आगरा के संबंधित अधिकारी से बात की थी। जांच के बाद फिर से मतदान कराने का फैसला लिया गया है।
आगरा खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में बूथ संख्या 20, 21 और 26 पर दोबारा मतदान कराने की संस्तुति की गई थी। पुनर्मतदान का प्रस्ताव भारत निर्वाचन आयोग को भेजा गया था। इस संस्तुति के आधार पर फिर से मतदान कराने का फैसला लिया गया है।
सपा उम्मीदवार डॉक्टर आकाश अग्रवाल ने निर्वाचन अधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराने के लिए मंडल मुख्यालय पहुंचे थे। आकाश अग्रवाल ने बूथ कैपचरिंग आरोप लगाया था। मंडलायुक्त (डिविजनल कमिश्नर) नागेंद्र प्रताप से मुलाकात के बाद वह मीडिया के सामने रो पड़े। उन्होंने कहा, "क्या मुझे चुनाव लड़ने का कोई अधिकार नहीं है? मुझे इस हद तक निशाना बनाया जा रहा है कि पुलिस मुझ पर ड्रग्स या हथियार रखने का झूठा आरोप लगाकर मुझे जेल में डाल सकती है और मुझे पाकिस्तानी बता सकती है।
