Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज हारिस रऊफ पर गिरी ICC की गाज, इंग्लैंड का भी हुआ बड़ा नुकसान


पाकिस्तान ने 25 अक्टूबर को इंग्लैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से जीत दर्ज कर ODI ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली, लेकिन इस मैच के बाद पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ मुश्किल में पड़ गए। मैदान पर इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स के साथ बहस और अंपायर की चेतावनी के बावजूद अपना व्यवहार जारी रखने के मामले में ICC ने उनके खिलाफ कार्रवाई की है। रऊफ पर मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। दूसरी ओर, स्लो ओवर रेट के कारण इंग्लैंड की टीम को भी नुकसान झेलना पड़ा है।

ICC ने लाहौर में रविवार को खेले गए ODI मुकाबले के दौरान ICC कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 उल्लंघन के लिए हारिस रऊफ को आधिकारिक फटकार लगाई और उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया। रऊफ को खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ से संबंधित ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह नियम खेल भावना के विपरीत व्यवहार से जुड़ा है।

इस कार्रवाई के साथ रऊफ के डिसिप्लिनरी रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका तीसरा उल्लंघन था, जिसके बाद उनके कुल डिमेरिट पॉइंट बढ़कर पांच हो गए हैं। यह घटना पाकिस्तान की पारी के 46वें ओवर के खत्म होने के बाद हुई। नॉन-स्ट्राइकर छोर पर मौजूद रऊफ ने वाइड की अपील की और इसके बाद इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स से बहस करने लगे। उन्होंने अपना बल्ला उठाया और मैदानी अंपायर शरफुद्दौला इब्ने शाहिद की चेतावनी के बावजूद बहस जारी रखी। इसके बाद जैक्स की ओर जाते समय वह अंपायर के पास से उन्हें छूते हुए निकले।

ICC ने इंग्लैंड की टीम पर भी मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। टीम निर्धारित समय में लक्ष्य से तीन ओवर पीछे रह गई थी। समय में मिलने वाली छूट को ध्यान में रखने के बाद यह फैसला लिया गया। ICC कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में तय ओवर पूरे नहीं करने पर टीम के खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का 5 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। हारिस रऊफ और इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने अपनी-अपनी गलती स्वीकार कर ली और ICC एलीट पैनल के मैच रेफरी जेफ क्रो द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया। इसी वजह से औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |