Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अलवर में मां ने कैंची से हमला कर अपने दो बच्चों की हत्या की, खुद भी कर लिया सुसाइड


जिले के खेड़ली में एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने धारदार हथियार से पहले अपने दो मासूम बच्चों को मौत की घाट उतारा और फिर खुद आत्महत्या कर ली। महिला ने दोनों बच्चों की गर्दन पर कैंची से दर्जनों बार हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दौरान घर पर मौजूद महिला की बहन ने बीच-बचाव की कोशिश की तो महिला ने उसपर भी हमला कर दिया। इस हमले में मृतका की बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां तीन को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मृतका की बहन का इलाज किया जा रहा है।

दरअसल, खेड़ली थाना क्षेत्र के दांतिया निवासी जगदीश शर्मा की बहू उषा (28) अपनी बेटी रितिक (3) और बेटा मुकुल (4) के साथ रहती थी। जानकारी के मुताबिक महिला ने ही कैंची से अपने दोनों बच्चों के गर्दन पर हमला किया। बच्चों की चीख पुकार सुनकर घर में मौजूद उषा की बहन मनीषा वहां पहुंची। मनीषा ने बीच बचाव की कोशिश की, लेकिन उषा ने उसपर भी हमला कर दिया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद उसने खुद पर भी कैंची से हमला कर दिया। उषा और मनीषा की शादी एक ही घर में हुई थी।

बच्चों के चिल्लाने कि आवाज सुनकर बड़ी संख्या में पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने सभी घायलों को पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां डॉक्टर ने उषा व उसके दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। उसकी बहन मनीषा की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के मुताबिक उषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि मनीषा का पति अंकित शर्मा जयपुर के एक निजी अस्पताल में नर्सिंगकर्मी है। घटना की जानकारी ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को दे दी है। घटना के समय उषा के ससुर बृजभूषण शर्मा गांव में चुनाव के दौरान एक प्रत्याशी के प्रचार के लिए गए हुए थे। वहीं, परिवार की सास और ननद खेत पर गई हुई थीं। घर में हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि शुरुआती जांच पड़ताल में पता चला कि मृतका मानसिक रूप से परेशान थी। हालांकि उसने अपने बच्चों को क्यों मारा और खुद आत्महत्या क्यों की इसका कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। साथ ही परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में परिवार के लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं। उषा की घायल बहन से भी बातचीत करने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंपा जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |