प्रतापगढः मेहनत ने बदली तस्वीर,सुमित ने होमगार्ड परीक्षा में जनपद में हासिल किया प्रथम स्थान
October 05, 2026
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश होमगार्ड परीक्षा परिणाम-2025 में जनपद के बाबागंज ब्लॉक क्षेत्र के अरूहरी गांव निवासी सुमित सरोज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता से परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। सुमित सरोज, छेदीलाल के पुत्र हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत न होने के बावजूद उन्होंने कठिन परिस्थितियों में अपनी पढ़ाई और तैयारी जारी रखी। सुमित दिल्ली में रहकर निजी नौकरी करते हुए परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग करते हैं, जबकि उनके पिता ईंट-भट्ठे पर मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच सुमित ने अपनी लगन, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर यह मुकाम हासिल किया। सुमित की इस उपलब्धि पर महाराज बिजली पासी के राष्ट्रीय सचिव प्रवेश सरोज ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सुमित ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से यह सफलता हासिल कर युवाओं के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। अपनी सफलता का श्रेय सुमित ने माता-पिता, गुरुजनों और बड़ों के आशीर्वाद को देते हुए कहा कि उनका अगला लक्ष्य पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर बनना है। इसके लिए वह पूरी लगन और निष्ठा के साथ संघर्ष जारी रखेंगे।
