अमेठीः शिकायत पर सीएचसी पहुंचे एसडीएम
October 06, 2026
अमेठी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी में लगातार अल्ट्रासाउंड सेवा को लेकर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम पंकज मिश्रा ने मंगलवार को अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे एसडीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ मरीजों से भी स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि अल्ट्रासाउंड सेवा प्रभावित होने की मुख्य वजह संबंधित कर्मचारी आलोक तिवारी का अवकाश पर होना था। उनके छुट्टी पर रहने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए सीएचसी पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई मरीजों को जांच के लिए इंतजार करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, आलोक तिवारी के अवकाश से वापस आने के बाद अल्ट्रासाउंड सेवा दोबारा सुचारू रूप से संचालित होने लगी है। इससे मरीजों को राहत मिली है। एसडीएम ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन से मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। एसडीएम पंकज मिश्रा ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सेवा को लेकर मिल रही शिकायतों के संबंध में निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली गई है। मामले में आगे जो भी वैधानिक कार्रवाई आवश्यक होगी, उसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से वार्ता की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसका ध्यान रखा जाना चाहिए।
