Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

एक के बाद एक कई बैलिस्टिक मिसाइल दागने से मचा हड़कंप



उत्तर कोरिया ने एक बार फिर एक के बाद एक कई बैलिस्टिक मिसाइल दागकर हड़कंप मचा गया है। उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। उत्तर कोरिया के इस एक्शन से दक्षिण कोरिया भी परेशान हो उठा। उसकी सेना ने उत्तर कोरिया की इस हरकत कीजानकारी दी। हाल के दिनों में हथियारों के प्रदर्शन की बढ़ती घटनाओं के बीच इस प्रक्षेपण से तनाव और बढ़ गया है। दोनों देशों के बीच कूटनीतिक बातचीत लंबे समय से ठप है।

दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि ये मिसाइलें उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग के आसपास के क्षेत्र से दागी गईं। उत्तर कोरिया ने हाल के वर्षों में अपने हवाई अड्डे का इस्तेमाल मिसाइलों के प्रक्षेपण के एक प्रमुख केंद्र के रूप में किया है। ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने तत्काल यह स्पष्ट नहीं किया कि कितनी मिसाइलें दागी गईं या फिर इन मिसाइलों ने कितनी दूरी तय की। जापान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने कम से कम दो मिसाइलों का पता लगाया और आकलन किया कि ये मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र के बाहर समुद्र में गिरीं।

बता दें कि यह प्रक्षेपण दक्षिण कोरिया द्वारा शुक्रवार को अपने देश में विकसित पहली हाइपरसोनिक मिसाइल का उड़ान परीक्षण किए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ। इस हथियार को ध्वनि की गति से कम से कम पांच गुना तेज उड़ान भरने और मिसाइल रक्षा प्रणालियों को चकमा देने के लिए तैयार किया गया है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने इसे देश की पारंपरिक रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया था।

सियोल के प्रति कड़ा रुख बनाए रखते हुए उत्तर कोरिया परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम प्रणालियों समेत अपने हथियारों के जखीरे का विस्तार करने के लिए टेस्टिग में तेजी ला रहा है। इसमें तीन अक्टूबर को किया गया परीक्षण भी शामिल है जब उत्तर कोरिया ने दावा किया था कि उसने मध्यम दूरी की एक हाइपरसोनिक मिसाइल का परीक्षण किया है, जिसे दक्षिण कोरिया और जापान की मिसाइल डिफेंस सिस्टम को चकमा देने के लिए तैयार किया गया है। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने पिछले कुछ वर्षों में पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया के साथ सभी कूटनीतिक और सहयोग संबंधी गतिविधियां रोक दी हैं। अमेरिका के साथ परमाणु मुद्दे पर व्यापक बातचीत लंबे समय से ठप रहने के बीच उन्होंने दक्षिण कोरिया को स्थायी दुश्मन करार दिया है।

इससे पहले पिछले महीने भी उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल दागी थी। दक्षिण कोरिया की सेना ने बताया कि मिसाइल ने उत्तर कोरिया के पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर करीब 450 किलोमीटर की दूरी तय की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |