Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जमशेदपुर फायरिंग कांड में दो आरोपी गिरफ्तार




सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बाराद्वारी में आबिद हुसैन पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काशीडीह निवासी असमुलु और साकची निवासी दशरथ शुक्ला के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात आबिद हुसैन अपने घर के सामने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद स्कूटी सवार युवक ने आबिद पर गोली चला दी। घटना के दौरान करीब चार राउंड फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। इनमें दो राउंड हवाई फायरिंग और दो गोलियां आबिद को लगने की जानकारी है।

फायरिंग में घायल आबिद को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने के बाद सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। जांच के क्रम में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दशरथ शुक्ला द्वारा हथियार उपलब्ध कराए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस इस जानकारी की स्वतंत्र रूप से जांच कर रही है। पुलिस हथियार की बरामदगी के साथ ही फायरिंग में दोनों आरोपियों की वास्तविक भूमिका का पता लगाने में जुटी है। घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। इससे पहले जमशेदपुर के मॉल के रेस्टोरेंट में बैठे युवकों पर बदमाशों ने फायरिंग की थी। इसमें चार लोग घायल हो गए थे।

वहीं, बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर-6 में बीती रात असामाजिक तत्वों द्वारा जमकर उत्पात मचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने घरों के बाहर खड़ी तीन-चार कारों में तोड़फोड़ की और कुछ वाहनों में आग लगा दी। घटना से इलाके के लोगों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों के अनुसार घटना देर रात की है। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो वाहनों को क्षतिग्रस्त पाया। कुछ वाहनों में आग लगाए जाने के निशान भी मिले।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |