Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

स्कूल बस और डंपर की आमने-सामने भिड़ंत, शिक्षिका की हुई मौत




उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिधनू में 2 अक्टूबर की सुबह कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर और स्कूल बस की भिड़ंत में विज्ञान शिक्षिका की मौत हो गई। हादसे में कई छात्र और शिक्षक घायल हुए हैं। इनमें दो छात्रों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसा बिधनू थाना क्षेत्र के हरबसपुर गांव के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के शीशे टूटकर अंदर बिखर गए और कुछ ही पल में बस के भीतर चीख-पुकार मच गई।

बताया गया कि घाटमपुर के मूसानगर रोड स्थित चीना पब्लिक स्कूल में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शिक्षक और छात्र स्कूल बस से घाटमपुर जा रहे थे। बस में पांच छात्रों समेत करीब 35 लोग सवार थे। बस को बर्रा निवासी चालक अर्जुन चला रहे थे। उनके मुताबिक नौबस्ता से बस लेकर स्कूल जाते समय हरबसपुर गांव के पास सामने से मौरंग लदा डंपर आता दिखाई दिया।

चालक अर्जुन ने बताया कि डंपर को सामने से आता देखकर उन्होंने बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारने का प्रयास किया। इसके बावजूद डंपर ने बस के साइड हिस्से में टक्कर मार दी। इसके बाद बस के पिछले हिस्से को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए हादसे से बस में बैठे छात्र और शिक्षक सहम गए। कई लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और बस के अंदर चीख-पुकार मच गई।

हादसे में बस की पिछली सीट के पास बैठीं विज्ञान शिक्षिका ऐश्वर्या श्रीवास्तव गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया जा रहा है कि वह खिड़की के पास बैठी थीं और टक्कर के दौरान खिड़की का शीशा टूट गया। कांच के टुकड़े उनके सिर में जा घुसे। साथी शिक्षकों ने उन्हें तत्काल बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। ऐश्वर्या श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव की पुत्री थीं और बर्रा क्षेत्र में रहती थीं। उनकी मौत की खबर से स्कूल परिवार में मातम पसर गया।

हादसे में कक्षा सात के छात्र रौनक वर्मा की आंख में कांच के टुकड़े लग गए। रौनक बिनगवां का रहने वाला है। उसके साथ उसका भाई कनिष्क कक्षा पांच, छात्रा मैत्री कक्षा पांच निवासी नौबस्ता, सुहानी कक्षा 11 निवासी गल्लामंडी और कुशाग्र कक्षा 10 निवासी मछरिया भी बस में सवार थे। हादसे में शिक्षिका अंजू रीता (37) निवासी तौधकपुर और शिक्षक हिमांशु यादव (30) पुत्र स्व. एसपी यादव निवासी जूही लाल कॉलोनी भी घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहीं अर्पित दीक्षित (25) निवासी सागरपुरी, दुर्गा चौहान (37), निखलेश्वर बाजपेई (47) और छात्र रौनक को प्राथमिक उपचार दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |