संग्रामपुर: गजब! दो बच्चों की मां नहीं बन पाई लोकतंत्र की हिस्सा
October 24, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर बीएलओ कैंप लगाए गए। इसी दौरान इंटौरी गांव में एक बुजुर्ग अपनी बहू का आधार कार्ड और फोटो लेकर बूथ पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी बहू दो बच्चों की मां है, लेकिन अब तक उसका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है। बहू का नाम सूची में शामिल कराने के लिए उन्होंने बूथ लेवल अधिकारी के समक्ष आवेदन भरवाया। जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश में नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पात्र नागरिकों से प्रारूप-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। शनिवार को अमेठी जिले के विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों ने कैंप लगाकर आवेदन प्राप्त किए। इंटौरी गांव के बूथ संख्या 170 के अंतर्गत परिषदीय विद्यालय में बूथ लेवल अधिकारी श्वेता शुक्ला कैंप लगाकर नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आवेदन भरवा रही थीं। इसी दौरान गांव निवासी रामजस यादव अपनी बहू का आधार कार्ड और फोटो लेकर पहुंचे। उन्होंने बीएलओ को बताया कि उनकी बहू के दो बच्चे हैं, लेकिन अब तक उसका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है। वह चाहते हैं कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उसका नाम सूची में दर्ज कराया जाए। रामजस यादव की बात सुनने के बाद बीएलओ श्वेता शुक्ला ने उनकी बहू का प्रारूप-6 भरवाया। उन्होंने बताया कि महिला का आवेदन भर दिया गया है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका नाम मतदाता सूची में शामिल किया जा सकेगा। इससे वह आगामी चुनावों में मतदान के लिए पात्र मतदाता बन सकेगी, बशर्ते आवेदन स्वीकृत हो जाए। इसी कैंप में रमाशंकर भी अपने तीन बच्चों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आधार कार्ड और फोटो लेकर पहुंचे। उन्होंने नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए प्रारूप-6 भरवाया। क्षेत्र में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत भवसिंहपुर, संग्रामपुर और बेलखरी समेत अन्य बूथों पर भी पात्र लोगों के आवेदन भरवाए गए। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अद्यतन करने और पात्र नागरिकों के नाम दर्ज कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति आवश्यक प्रक्रिया से वंचित न रहे।
