महाराष्ट्र में सूखे के बीच भजन कार्यक्रम में बीजेपी नेता पर हुई नोटों की बारिश
October 15, 2026
महाराष्ट्र में एक भजन कार्यक्रम के दौरान बीजेपी नेता और पूर्व विधायक कैलाश गोरंट्याल पर नोटों की बारिश किए जाने का वीडियो सामने आया है। इस घटना ने ऐसे समय में राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है, जब यह इलाका सूखे और पानी की भारी किल्लत से जूझ रहा है।
विपक्षी दल शिवसेना (यूबीटी) और बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना के नेता व महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय शिरसाट ने इस घटना पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि क्या ऐसी स्थिति में यह सब करना उचित है, जबकि किसान फसल के नुकसान, बढ़ते कर्ज और पानी व चारे की कमी जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
दरअसल, महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति बनी हुई है। राज्य सरकार ने प्रदेश के 358 तहसीलों में से 305 तहसीलों में सूखा घोषित किया है। सूखे से निपटने के लिए सरकार की ओर से राहत उपायों की घोषणा भी की गई है। वहीं, दूसरी ओर बारिश की कमी के चलते किसानों की खड़ी फसलें खेतों में ही सूखकर बर्बाद हो रही हैं। हालात इतने खराब हैं कि कई किसानों को अपनी फसलों पर रोटावेटर चलाना पड़ा है। आंखों में आंसू और दिल में दर्द लिए किसान मुश्किल हालात में दिन गुजार रहे हैं। अभी हाल में ही शरद पवार से सरकार से किसानों को राहत पैकेज देने की मांग की थी।
