अमेठीः विकास कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम सख्त
October 16, 2026
अमेठी। विकास कार्यों में लापरवाही और योजनाओं की खराब प्रगति पर अब संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। जिलाधिकारी शशांक चैधरी ने गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष अपनी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत कम है, वे विशेष कार्ययोजना बनाकर सुधार लाएं। योजनाओं के लाभार्थियों का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच रहा है। सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय रैंकिंग सुधारने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश देते हुए उन्होंने खराब प्रगति वाले विभागों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी। डीएम ने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री पोर्टल और जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि उनका निस्तारण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए। शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान करते हुए उसकी संतुष्टि का भी ध्यान रखा जाए। सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने के बाद ही उसका उपयोग किया जाए। अनावश्यक विलंब, मानकों की अनदेखी या अनियमितता मिलने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी। पूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र संबंधित विभागों को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उनका लाभ जनता को मिल सके।
