अमरूपुर मंडल अध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद प्रजापति के साथ हुई थी मारपीट, सीसीटीवी फुटेज की जांच और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की उठाई मांग
सुलतानपुर/चांदाथाना क्षेत्र के अमरूपुर चैराहे पर इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान संचालित करने वाले सेवार्थम वेलफेयर फाउंडेशन के अमरूपुर मंडल अध्यक्ष जगदम्बा प्रसाद प्रजापति के साथ हुई मारपीट का मामला तूल पकड़ने लगा है। घटना के कई दिन बीतने के बाद भी कार्रवाई को लेकर असंतोष जताते हुए शुक्रवार को फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने थाना चांदा पहुंचकर थानाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के साथ पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की।
ज्ञापन के मुताबिक, चांदा क्षेत्र के सदरपुर निवासी जगदम्बा प्रसाद प्रजापति अमरूपुर चैराहे पर इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 23 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे कुछ लोग उनकी दुकान पर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर 24 अक्टूबर को चांदा थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 333 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों का आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस की जांच प्रक्रिया पर भी असंतोष जताया है। उनका कहना है कि घटना के बाद से परिवार न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है, लेकिन अब तक कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच करे। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जाए तथा नामजद और अज्ञात आरोपियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही पीड़ित और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई।
सेवार्थम वेलफेयर फाउंडेशन ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र जांच पूरी करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की। संगठन का कहना है कि पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए और ऐसी घटनाओं में प्रभावी कार्रवाई से ही आम लोगों का कानून-व्यवस्था पर भरोसा मजबूत होगा।
