Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

BJP विधायक बृजभूषण राजपूत ने सरेआम बीज गोदाम प्रभारी को मारे थप्पड़


उत्तर प्रदेश के महोबा में चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत एक बार फिर विवादों में हैं। किसानों को वितरित किए जाने वाले चने के बीज की कथित कालाबाजारी की सूचना पर कृषि विभाग के बीज गोदाम पहुंचे विधायक की गोदाम प्रभारी सोनू यादव से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि विधायक ने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, विधायक बृजभूषण राजपूत को सूचना मिली थी कि किसानों के लिए उपलब्ध चने के बीज को गोदाम से बाहर भेजा जा रहा है। इस सूचना पर वह चरखारी स्थित कृषि विभाग के बीज भंडार पहुंचे। वहां एक गाड़ी में चने के बीज की करीब 100 बोरियां लदी होने की बात सामने आई। विधायक ने आरोप लगाया कि किसानों को वितरित किए जाने वाले बीज को उनके बीच बांटने के बजाय मंडी में बेचने की तैयारी की जा रही थी।

मौके पर विधायक ने गोदाम प्रभारी सोनू यादव से बीज की बोरियों को लेकर सवाल-जवाब किए। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और विधायक ने गोदाम प्रभारी को थप्पड़ मार दिए। विधायक ने गोदाम प्रभारी पर किसानों के हिस्से के बीज की हेराफेरी करने का आरोप लगाया। साथ ही, उन्हें समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से जुड़ा बताते हुए भी टिप्पणी की।

बृजभूषण राजपूत इससे पहले भी अपने एक विवादित कदम को लेकर चर्चा में रहे हैं। आरोप है कि उन्होंने फसल बीमा सर्वेयरों को घाघरा-चोली और पेटीकोट पहनाया था। अब बीज गोदाम प्रभारी को थप्पड़ मारने का वीडियो सामने आने के बाद विधायक एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया में तरह-तरह की चर्चाएं तेज है।

इस पूरे मामले पर बीजेपी विधायक ने कहा कि बीज गोदाम से सरकारी बीज वितरित किया जाता है। हमें सूचना मिली थी कि यहां कालाबाजारी की जा रही है। 100 बोरियों चने की लोड की जा रही थीं। जब हमने इनसे पूछा तो किसके आदेश पर भेज रहे हो तो इनके पास कोई आदेश नहीं था। जब इनके ऊपर के अधिकारियों से पूछा तो उन्होंने भी कहा कि हमारे पास ऐसा कोई आदेश नहीं है।

महोबा की चरखारी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत पहले भी अपने विवादित तौर-तरीकों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। इससे पहले फसल बीमा योजना के सर्वे में कथित अनियमितताओं को लेकर उन्होंने सर्वेयरों के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध जताया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |