Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

90 के दशक की यादें ताजा कर रहा सनी देओल की 'सूर्या' का 'सुनियो जरा'


बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल की आगामी फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। फिल्म के मेकर्स ने मंगलवार सुबह इसका नया गाना 'सुनियो जरा' रिलीज कर दिया है। इस गाने की खास बात यह है कि इसे हिंदी संगीत जगत के दिग्गज गायक उदित नारायण और कुमार सानू ने अपनी आवाज दी है। उनके साथ अनुपम अमोद भी इस म्यूजिकल कोलैबोरेशन का हिस्सा हैं। दोस्ती और पुराने रिश्तों की गर्माहट को समर्पित यह गाना सुनने वालों को भावुक करने के साथ-साथ पुरानी यादों में ले जाने की कोशिश करता है।

'सुनियो जरा' एक दोस्ती पर आधारित गाना है, जिसके वीडियो में सनी देओल और रवि किशन एक खूबसूरत सड़क यात्रा पर निकलते दिखाई देते हैं। इस सफर के दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक, साथ बिताए पलों और जिंदगी से जुड़ी बातों की झलक देखने को मिलती है। गाने में दोनों किरदारों के बीच सहजता और अपनापन दिखाया गया है, जो लंबे समय से चली आ रही दोस्ती की खूबसूरती को सामने लाता है। वीडियो का माहौल सुकूनभरा है। यात्रा के दौरान दोस्तों के बीच होने वाली बातचीत और साझा यादें कहानी में भावनात्मक जुड़ाव पैदा करती हैं। गाने का मकसद सिर्फ मनोरंजन करना नहीं, बल्कि उन रिश्तों की अहमियत को भी दिखाना है, जो समय के साथ और मजबूत होते जाते हैं। फिल्म की कहानी में यह ट्रैक दोस्ती और साथ निभाने की भावना को एक नया आयाम देता नजर आता है।

गाने को लेकर उदित नारायण ने अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इतने सालों बाद कुमार सानू के साथ फिर से गाना उनके लिए अपने करियर के एक खूबसूरत दौर को दोबारा जीने जैसा अनुभव रहा। अनुपम अमोद के जुड़ने से इस सहयोग में नई ऊर्जा भी आई, जबकि पुराने दिनों जैसा अपनापन बरकरार रहा। उदित को उम्मीद है कि श्रोता गाने के हर सुर में इस रिश्ते और जुड़ाव को महसूस कर पाएंगे। वहीं कुमार सानू ने इस गाने को संगीत से आगे बढ़कर दोस्ती, यादों और एक साथ आने की खुशी से जुड़ा बताया। उनके मुताबिक इस तरह के गाने की खासियत यह है कि वे भावनाओं से जुड़ते हैं और लंबे समय तक लोगों के दिलों में जगह बनाए रख सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को यह गाना पसंद आएगा।

इस गाने में अपनी आवाज देने वाले अनुपम अमोद ने उदित नारायण और कुमार सानू जैसे वरिष्ठ गायकों के साथ काम करने को सम्मान की बात बताया। उन्होंने कहा कि 'सुनियो जरा' में साथ, सफर और भावनाओं का खूबसूरत मेल है। ऐसे अर्थपूर्ण गाने का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है।

'सूर्या: अंत से आरंभ तक' को कमल मुकुट प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, हेमंत मुकुट और लोकेश मुकुट ने किया है, जबकि निर्देशन एम पद्मकुमार ने संभाला है। फिल्म में सनी देओल के साथ रवि किशन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |