Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

ट्रंप का छलका दर्द! '8 युद्ध रुकवाया, फिर भी नोबेल प्राइज नहीं मिला'


अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप नोबेल प्राइज को लेकर इतने आसक्त हैं कि रह-रहकर उनका दर्द छलक पड़ता है। एक बार फिर उन्होंने दावा किया कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष समेत कुल 8 युद्ध उन्होंने रुकवाए लेकिन नोबेल प्राइज नहीं मिला। ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष रुकवाने के लिए दोनों देशों पर 250 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी दी थी। फ्लोरिडा में एक रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों परमाणु हथियार संपन्न देशों से स्पष्ट कर दिया था कि अगर लड़ाई जारी रही तो उन्हें अमेरिका के साथ कारोबार नहीं करने दिया जाएगा।

ट्रंप ने रैली में कहा, 'मैंने उनसे कहा कि अगर आप ऐसा करने जा रहे हैं तो अमेरिका के साथ व्यापार नहीं कर पाएंगे। मैं आप दोनों पर 250 प्रतिशत का भारी टैरिफ लगाने जा रहा हूं, जिससे आप कोई कारोबार नहीं कर सकेंगे।' ट्रंप ने दावा किया कि उनकी इस चेतावनी का असर हुआ और भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर हो गया। डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी दावा किया कि इस संघर्ष के दौरान 11 विमान गिराए गए थे।

अपने कथित डिप्लोमैटिक दखल के लिए इंटरनेशनल तारीफ़ न मिलने पर नाइंसाफ़ी जताते हुए, ट्रंप ने कहा, "मैंने आठ लड़ाइयां रोकीं हैं। क्या मुझे नोबेल प्राइज़ मिला? नहीं।" इस बीच, भारत ने लड़ाई के दौरान 11 एयरक्राफ्ट के नुकसान के ट्रंप के दावों को लगातार गलत बताया है, साथ ही किसी भी बाहरी दखल से इनकार किया है। भारत ने दोहराया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीज़फ़ायर पर सहमति तभी बनी जब पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ़ मिलिट्री ऑपरेशंस (DGMO) ने अपने भारतीय काउंटरपार्ट से मिलिट्री एक्शन रोकने का आग्रह किया।

भारत ने अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमलों के जवाब में 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। यह पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मूृकश्मीर (PoK) में आतंकी ढांचे को खत्म करने के लिए एक अहम और टारगेटेड जवाब था। यह एंटी-टेरर ऑपरेशन उन आतंकी ठिकानों को खत्म करने के लिए किया गया था, जिनका इस्तेमाल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले की प्लानिंग के लिए किया गया था।

भारत के इन हमलों में पाकिस्तान स्थित आंतकी लॉन्चपैड तबाह हो गए थे। इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाकर हमला करने की कोशिश की लेकिन भारतीय मजबूत एयर डिफेंस ने पाकिस्तान की हर चाल को नाकाम कर दिया। लेकिन पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। लिहाजा भारत के ब्रह्मोस मिसाइलों से पाकिस्तान से 11 सैन्य हवाई अड्डों को निशाना बनाकर हमला किया और बड़े पैमाने पर तबाही मचाई। इससे घबराकर पाकिस्तान ने सीजफायर के लिए भारत के डीजीएमओ को कॉल किया। जिसके बाद दोनों देशों में सीजफायर पर सहमति बनी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |