- परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया लोगो और शुभंकर का विमोचन
- खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा की तैयारियां तेज
बलिया। जिले में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता की मेजबानी की तैयारियां तेज हो गई हैं। दो से छह नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय फुटबॉल प्रतियोगिता (अंडर-17 बालक वर्ग) में देशभर की 45 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में लगभग 810 खिलाड़ियों के साथ 135 कोच एवं टीम मैनेजर और करीब 100 अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रतियोगिता के लोगो और शुभंकर का विमोचन कर तैयारियों की जानकारी दी।
मंत्री ने कहा कि बलिया को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा और मेजबानी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला है। आयोजन को सफल बनाने के लिए खेल मैदानों की तैयारी से लेकर खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, परिवहन, चिकित्सा और सुरक्षा तक की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता का मुख्य आयोजन वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलिया में होगा। इसके अलावा टाउन पॉलिटेक्निक मैदान, सतीश चंद्र महाविद्यालय, रामदहिन सिंह इंटर कॉलेज आमघाट और शेर ग्राम सभा स्थित मिनी स्टेडियम को भी चिह्नित किया गया है। इन सभी स्थलों पर खेल संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जेडी आजमगढ़ डॉ. राजेश कुमार आर्य ने बताया कि प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ियों के हिसाब से कुल 810 खिलाड़ियों के भाग लेने का अनुमान है। प्रत्येक टीम के साथ तीन कोच या टीम मैनेजर के रहने की व्यवस्था प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता के संचालन के लिए करीब 100 अधिकारी और लगभग 90 बाल व्यायाम प्रशिक्षक भी लगाए जाएंगे।
खिलाड़ियों और टीमों के ठहरने के लिए होटलों में कमरों की व्यवस्था की जा रही है। खेल स्थलों तक पहुंचने के लिए बस और कार की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है। खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के भोजन के लिए कॉमन मेस बनाया जाएगा। मैदानों पर टेंट, साउंड सिस्टम और लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
मंडल सचिव दिनेश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले खिलाड़ियों, कोच, टीम मैनेजर और अधिकारियों के लिए स्वागत किट तैयार कराने की योजना है। इसमें बैग, ट्रैक सूट, टी-शर्ट, शॉर्ट्स, कैप और स्मृति चिह्न शामिल होंगे।
जिला क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव ने बताया कि आयोजन के दौरान साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए नगर पालिका परिषद तथा पंचायती राज विभाग से सहयोग मांगा गया है। चिकित्सा व्यवस्था के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी और सुरक्षा प्रबंधों के लिए पुलिस अधीक्षक से आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
प्रतियोगिता के संचालन के लिए विभिन्न समितियों के गठन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। आयोजन की स्मारिका तैयार की जा रही है और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियां निर्धारित की जा रही हैं। मुख्य अतिथि के चयन पर परिवहन मंत्री के परामर्श से निर्णय लिया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक भगवान पाठक, बीएसए मनीष सिंह, पंकज सिंह, अरविंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को नई प्रेरणा मिलेगी और बलिया को खेल के क्षेत्र में नई पहचान प्राप्त होगी।
