Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी, गुजरात को दी हजारों करोड़ की सौगात


देश के करोड़ों किसानों के लिए शुक्रवार का दिन बड़ी राहत लेकर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी कर दी। इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में करीब ₹19,000 करोड़ ट्रांसफर किए गए। वहीं, पीएम मोदी ने गुजरात को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। इस दौरान जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि कुछ लोगों को देश का विकास अच्छा नहीं लग रहा है।

गुजरात के बनासकांठा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में PM-Kisan योजना की नई किस्त जारी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के किसानों के खातों में एक और किस्त पहुंच गई है। किसान देश की मजबूत नींव और विकास के अहम स्तंभ हैं। सरकार हमेशा से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनके हितों को प्राथमिकता देने के लिए काम करती रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा की अनूठी व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल सभी लोग चारपाई पर बैठे हैं, जिसे देखकर देश के लोगों को हैरानी हो सकती है। बनासकांठा ने गांवों की पुरानी परंपराओं को फिर से जीवित किया है। पीएम मोदी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर इस आयोजन की जानकारी गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स को दी जाती, तो शायद इसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कर लिया जाता।

पीएम मोदी के दो दिवसीय गुजरात दौरे के दौरान राज्य में करीब ₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, और कृषि से जुड़ी सुविधाओं का विस्तार शामिल है। सरकार का कहना है कि इनसे राज्य में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें अहमदाबाद (साबरमती) से वाराणसी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती के बीच संचालित होने वाली MEMU ट्रेन शामिल हैं। इन सेवाओं से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय रेल संपर्क बेहतर होगा।

गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने बनास डेयरी की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें बनासकांठा जिले के भिलड़ी में बनाया गया भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (BBBRC) प्रमुख है। यह केंद्र 127 एकड़ में फैला है और इसके निर्माण पर करीब ₹325 करोड़ खर्च किए गए हैं। इस केंद्र का उद्देश्य पशुओं की नस्ल सुधारने, बेहतर पशुपालन और दूध उत्पादन को बढ़ावा देने से जुड़ी रिसर्च को मजबूत करना है। इसके अलावा, पीएम मोदी ने पालनपुर स्थित बनास डेयरी के अल्ट्रा हाई टेम्परेचर (UHT) प्लांट में ऑटोमेटेड स्टोरेज सिस्टम का भी उद्घाटन किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |