गौरीगंज: अमेठी में सियासी भूचाल! 14 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होंगे राकेश प्रताप सिंह
October 09, 2026
गौरीगंज/अमेठी। गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने की घोषणा ने अमेठी से लेकर लखनऊ तक सियासी हलचल बढ़ा दी है। विधायक के मुताबिक, वह 14 अक्टूबर को भाजपा का दामन थामेंगे। इस संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। उनके साथ गोसाईगंज विधायक अभय सिंह और कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी के भी भाजपा में शामिल होने का दावा किया गया है। राकेश प्रताप सिंह ने दावा किया है कि समाजवादी पार्टी के करीब 15 विधायक उनके संपर्क में हैं। हालांकि, उन्होंने भाजपा में फिलहाल ‘नो वैकेंसी’ की स्थिति बताते हुए कहा कि पार्टी में पहले अपने कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उनके इस बयान ने प्रदेश की सियासत में संभावित दल-बदल और नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं। मीडिया से बातचीत में राकेश प्रताप सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें देश और समाज से जुड़े मुद्दों के बजाय परिवारवाद और जातिगत राजनीति हावी दिखाई दी। उन्होंने रामचरितमानस और सनातन धर्म को लेकर दिए गए अपने पुराने बयानों का भी जिक्र किया। उनके मुताबिक, इन्हीं मुद्दों को लेकर पार्टी से उनकी दूरियां बढ़ीं और उन्होंने अलग रास्ता चुनने का निर्णय लियज्ञं विधायक श्री सिंह के अनुसार, 14 अक्टूबर को गौरीगंज स्थित उनके आवास मंगलम के पास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चैधरी समेत कई नेताओं के शामिल होने की बात कही गई है। हालांकि, इन नेताओं की उपस्थिति की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। राकेश प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में 30 से 40 हजार लोगों के जुटने का दावा किया है। आयोजन को लेकर तैयारियां किए जाने की बात कही गई है। इस कार्यक्रम को उनके राजनीतिक प्रभाव और जनसमर्थन के प्रदर्शन के तौर पर भी देखा जा रहा है। राकेश प्रताप सिंह के भाजपा में शामिल होने की घोषणा से अमेठी की राजनीति में नए समीकरण बनने की अटकलें तेज हैं। अब सबकी नजर 14 अक्टूबर के कार्यक्रम पर टिकी है। विधायक के दावों और अन्य नेताओं की संभावित भागीदारी की वास्तविक स्थिति कार्यक्रम के दौरान ही स्पष्ट होगी।