जायसः खाद टैगिंग पर सख्ती, किसानों की सहमति जरूरी
October 09, 2026
जायस/अमेठी। किसानों को खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन सक्रिय है। जिलाधिकारी शशांक चैधरी के निर्देश पर शुक्रवार को उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बहादुरपुर, जायस स्थित इफको किसान सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जांच कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण में केंद्र पर 45 मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध मिली, जबकि यूरिया की अनुपलब्धता पर क्षेत्रीय प्रबंधक को तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रबंधक ने बताया कि यूरिया की गाड़ी रवाना हो चुकी है और जल्द केंद्र पहुंच जाएगी। उप कृषि निदेशक ने निर्देश दिया कि डीएपी का स्टॉक खत्म होने से पहले ही अगली खेप की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सहमति के बिना नैनो डीएपी, नैनो यूरिया और जैव उर्वरकों की जबरन टैगिंग नहीं की जाएगी। साथ ही दोनों पीओएस मशीनों के जरिए पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान मौजूद करीब 40 से 50 किसानों से संवाद कर खाद वितरण व्यवस्था का फीडबैक भी लिया गया।
