Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बिहार-बंगाल से लेकर 12 राज्यों तक दिखेगा चक्रवाती तूफान का असर, केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का रेड अलर्ट


चक्रवाती तूफान की वजह से देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 26 अक्टूबर तक एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और 28 अक्टूबर के आसपास उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तटों की ओर बढ़ सकता है। इसके कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है, जिसका असर पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ तक भी देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने कई राज्यों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। केरलम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में आज बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने केरलम और तमिलनाडु के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

चक्रवाती तूफान के असर से आंध्र प्रदेश में 27 एवं 28 अक्टूबर को, ओडिशा और तेलंगाना में 28 अक्टूबर को भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, पुडुचेरी एवं कराईकल में 25 अक्टूबर को और केरल एवं माहे में 25 एवं 26 अक्टूबर को अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। विल्लुपुरम, कुड्डालोर, मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तिरुवरुर, तंजावुर, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नमलाई और कोयंबटूर जिलों के साथ-साथ पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा तिरुवल्लुर, चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, पुदुकोट्टई, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुपत्तूर और अरियालुर जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है। थेनी, डिंडीगुल और मदुरै जिलों में भी भारी बारिश होने के आसार हैं। इन सभी जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट है।

वहीं, IMD ने रविवार और सोमवार को केरल के पांच जिलों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, 25 अक्टूबर को मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों में 'रेड अलर्ट' है, जबकि 26 अक्टूबर को इडुक्की और पलक्कड़ जिलों में 'रेड अलर्ट' रहेगा। इसी दिन भारी बारिश की संभावना को देखते हुए तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के दौरान बंगाल, बिहार और झारखंड में भारी बारिश हो सकती है। यहां पर सोमवार से ही मौसम खराब होने लगेगा और कुछ जगहों पर बारिश भी हो सकती है। 27 अक्टूबर को बिहार, झारखंड में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 29-30 अक्टूबर के दौरान उत्तर प्रदेश में भी आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |