Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पाकिस्तान में एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से 10 की मौत


पाकिस्तान के सिंध प्रांत में गुरुवार को एक एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। हादसा थारपारकर जिले के नगरपारकर इलाके में हुआ। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस दानो धंधल स्थित एक बुनियादी स्वास्थ्य केंद्र से महिला को जिला अस्पताल मीठी ले जा रही थी। प्रसव के बाद जटिलताएं होने के कारण महिला को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जाना था।

थारपारकर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आरिफ अजीज जाफरी ने बताया कि अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें संबंधित महिला भी शामिल है। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस के अंदर चालक द्वारा ऑक्सीजन सिलेंडर को इधर-उधर करते समय उसमें विस्फोट हो गया। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और आगे की जांच चल रही है।

इससे पहले, पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के राजनपुर में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कराची से डेरा गाजी खान जा रही एक यात्री बस निर्माण कार्य वाले राजमार्ग पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। पाकिस्तान की राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बस की रफ्तार तेज होने की आशंका जताई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायलों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, इससे करीब एक सप्ताह पहले पेशावर में एक निजी स्कूल की छत गिरने से 30 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी, जिनमें 29 बच्चे शामिल थे। इस घटना पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी शोक जताया था। लगातार हो रहे इन हादसों ने पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |