बलिया। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान के योग्य युवाओं को पंजीकरण का अवसर देने के लिए जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार, विशेष कैंप के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न होने देना है।
कैंपों में पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध रखने के साथ प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। यहां नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया, आवेदन भरने और आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत उन पात्र नागरिकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है। इसके साथ ही पहली बार मतदान करने के योग्य युवाओं को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कैंपों में निर्धारित व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं और बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के इच्छुक पात्र नागरिक अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। आवेदन के लिए फॉर्म-6 और पंजीकरण संबंधी सहायता कैंप में उपलब्ध रहेगी।
