सोनभद्र, 10 सितम्बर 2026। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने गुरुवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित बचपन डे केयर सेंटर, एल-2 भवन लोढ़ी का निरीक्षण कर वहां संचालित शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा शिक्षण-प्रशिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में अध्यापकों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की तथा ड्रेस, बैग, कॉपी-किताब समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि डे केयर सेंटर का संचालन नियमित एवं प्रभावी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इसके लिए नवाचार आधारित गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए शिक्षण के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जाए। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दिव्यां शुक्ला, बचपन डे केयर सेंटर के समन्वयक राहुल कुमार सिंह सहित सभी अध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
