दोहा-बेंगलुरु इंडिगो फ्लाइट में क्रू मेंबर की तबीयत बिगड़ी, मस्कट डायवर्ट हुई उड़ान
September 03, 2026
दोहा से बेंगलुरु जा रही IndiGo की फ्लाइट 6E 1302 को गुरुवार को मेडिकल इमरजेंसी के कारण मस्कट के लिए डायवर्ट करना पड़ा। उड़ान के दौरान ऑपरेटिंग क्रू के एक सदस्य को तुरंत चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ी, जिसके बाद विमान को मस्कट उतारा गया। लैंडिंग के बाद मेडिकल टीम ने क्रू मेंबर की जांच की और अब उनकी हालत बेहतर बताई जा रही है। इंडिगो ने बताया कि यात्रियों को बेंगलुरु पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान और नया क्रू उपलब्ध कराया गया है। इसके जरिए यात्रा आगे जारी रखी जाएगी।
एयरलाइन ने घटना के चलते यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है। IndiGo ने कहा है कि मस्कट में विमान का इंतजार कर रहे यात्रियों को परेशानी कम से कम हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों को रिफ्रेशमेंट दिया जा रहा है और उन्हें उड़ान से जुड़ी जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जा रही है। इंडिगो ने कहा है कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उसकी सबसे पहली प्राथमिकता है।
इससे पहले इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में भी तकनीकी समस्या सामने आई थी। यह विमान 1 सितंबर 2026 को गोवा से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उसे वापस मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट, मोपा लौटना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 9:28 बजे उड़ान भरी थी। इसके बाद विमान में कथित तौर पर इंजन में खराबी की सूचना मिली और उसे वापस एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा।
विमान में कुल 229 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित रहे। IndiGo ने भी विमान में तकनीकी समस्या आने की पुष्टि की थी। एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा था कि उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद तकनीकी समस्या का पता चला। प्रवक्ता ने बताया कि तय मानक प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। एयरलाइन के मुताबिक, इस घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे।
