Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूपी के सीतापुर में रविवार को करंट लगने से पिता और बेटे की मौत


यूपी के सीतापुर में रविवार को एक दुखद घटना घटित हुई है। यहां करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। बताते हैं कि बेटा एलटी लाइन पर गिरे पेड़ को हटा रहा था तभी उसे करंट लग गया। बेटे को बचाने दौड़े पिता भी करंट की चपेट में आ गए, जिससे पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। यह दर्दनाक हादसा सकरन थाना क्षेत्र के बेलवा बसहिया का है। बताते चलें कि गांव के रहने वाले गीतेश मिश्रा के घर के सामने पेड़ लगा हुआ है, उसी के पास से बिजली की एलटी लाइन निकली हुई है।

बताया जाता है कि रविवार को एक बंदर पेड़ पर चढ़ा था और इस दौरान पेड़ की डाली टूटकर तार पर गिर गई। बिजली के तार पर गिरी पेड़ की डाली को जब गीतेश मिश्रा का बेटा पीयूष हटा रहा था तभी वह करंट की चपेट में आ गया और करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा।

इसे देख पिता गीतेश उसे बचाने के लिए दौड़े। बेटे को बिजली तार से छुड़ाने के दौरान वह भी करंट की चपेट में आ गए। पिता-पुत्र को करंट लगा देख आसपास के लोग एकत्र हो गए और बिजली विभाग सहित एंबुलेंस को सूचना दी।

पिता-पुत्र को स्वास्थ्य केंद्र सांडा ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार का कहना है कि शवों का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है, तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

इससे पहले बदायूं में हाईटेंशन लाइन से कांवड़ियों का डीजे टकराया था, जिससे करंट लगने से 7 बच्चे झुलसे और एक युवक की मौत हो गई। डीजे का लाउडस्पीकर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आते ही ट्रॉली में करंट आ गया था और तेज धमाके के साथ लपटें उठने लगीं थीं। इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया था।

आज ही महाराष्ट्र के रायगड जिले से भी खबर सामने आई थी कि पनवेल में करंट लगने से पांच लोग घायल हो गए। दही हांडी कार्यक्रम के दौरान यह हादसा हुआ। फिलहाल सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |