सुलतानपुर। जिले के कोथरा कलां बाजार में गुरुवार शाम साइकिल और बाइक की टक्कर में बाइक सवार पति-पत्नी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान बृजमोहन पुत्र भुआले उम्र लगभग 57 वर्ष, निवासी मधरामऊ, थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ और उनकी पत्नी इंद्रावती देवी (55) के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बाइक से सुलतानपुर में पढ़ रहे अपने बच्चों से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान कोथरा कलां बाजार में साइकिल से उनकी बाइक की टक्कर हो गई।हादसे में पति-पत्नी को गंभीर चोटें आईं। राहत की बात यह रही कि बाइक सवार दोनों लोग हेलमेट पहने हुए थे। वहीं, साइकिल सवार को मामूली खरोंचें आई हैं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
