Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

सुलतानपुर: संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की सुनी समस्याएं, अधिकारियों की समय से उपस्थिति पर सख्ती


सुलतानपुर । लम्भुआ में माह के प्रथम शनिवार को तहसील परिसर में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। एडीएम वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता एवं मौजूदगी में आयोजित समाधान दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल हिंदल, तहसीलदार प्रांजल त्रिपाठी, नायब तहसीलदार, विकास खण्ड अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर के साथ सभी संबंधित थानों के थानाध्यक्ष भी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए पारदर्शी एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

समाधान दिवस के दौरान वरासत के मामलों में सामने आ रही समस्या को लेकर एडीएम वित्त एवं राजस्व ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि कई मामलों में लेखपाल की रिपोर्ट लगने के बाद कानूनगो द्वारा आपत्ति लगा दिए जाने से प्रकरणों के निस्तारण में बाधा उत्पन्न होती है। मामले को गंभीरता से लेते हुए समाधान दिवस समाप्त होने के बाद सभी कानूनगो और लेखपालों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें इस समस्या के समाधान और मामलों के समयबद्ध निस्तारण को लेकर चर्चा की गई।

नवागत ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अंशुल हिंदल ने भी अधिकारियों की समय से उपस्थिति को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले संपूर्ण समाधान दिवस से सभी विभागों के अधिकारी सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। किसी अधिकारी को किसी कारणवश समय से पहुंचने में दिक्कत हो तो वह एक दिन पहले इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को देगा।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |