अमेठी। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) की अगस्त 2026 की मासिक रैंकिंग में अमेठी पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। अमेठी पुलिस को 100 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक अमेठी श्री सरवणन टी. के कुशल निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं आईजीआरएस के नोडल अधिकारी श्री ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह उपलब्धि हासिल हुई। वहीं प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक श्री चन्द्रशेखर के नेतृत्व में जनपद के थानों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया।
आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया गया। इसके साथ ही शिकायतकर्ताओं द्वारा दिए गए संतुष्टि फीडबैक को भी शासन की मासिक रैंकिंग में महत्वपूर्ण आधार बनाया गया। अगस्त माह की रैंकिंग में अमेठी पुलिस ने 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि के बाद पुलिस अधीक्षक अमेठी ने आईजीआरएस में नियुक्त पुलिसकर्मियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार पूर्ण मनोयोग, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने से अमेठी पुलिस की कार्यप्रणाली और शिकायत निस्तारण व्यवस्था को बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
