मुंबई- भक्ति, आध्यात्म और आधुनिक तकनीक को एक मंच पर लाने वाले भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप का मुंबई में भव्य शुभारंभ किया गया। प्रसिद्ध भजन गायक और पद्मश्री से सम्मानित अनूप जलोटा ने ऐप लॉन्च किया और इसके लोगो का भी अनावरण किया। फिल्म और टेलीविजन जगत के कलाकार संदीप मोहन और संजय स्वराज भी लॉन्च समारोह में मौजूद रहे।
भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप के संस्थापक दिनेश असोपा ने बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए लंबे समय से देखा गया सपना था, जिसे हकीकत में बदलने में करीब एक दशक का समय लगा। मैं पिछले 10 सालों से इस ऐप की परिकल्पना और इसके निर्माण पर काम कर रहा हूं। हमारा उद्देश्य केवल एक और ओटीटी प्लेटफॉर्म बनाना नहीं था, बल्कि ऐसा डिजिटल मंच तैयार करना था, जहां लोगों को भक्ति, आध्यात्म और सनातन धर्म से जुड़ी सामग्री एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके। आज इस सपने को हकीकत में बदलते देखना मेरे लिए बेहद खास पल है।
ऐप का सब्सक्रिप्शन शुल्क केवल ₹11 प्रति सप्ताह रखा गया है, जिससे इसे अधिक से अधिक लोगों के लिए किफायती और सुलभ बनाया जा सके।
लॉन्च समारोह में पद्मश्री अनूप जलोटा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “मैं स्वयं भक्तिद्वार में प्रवेश कर चुका हूं। यह केवल एक ऐप नहीं, बल्कि भक्ति, आनंद और शांति का द्वार है। आज लोग तनाव, चिंता और मानसिक दबाव से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में भगवान का स्मरण, भजन सुनना और आध्यात्म से जुड़ना मन को सच्ची शांति दे सकता है। मुझे विश्वास है कि भक्तिद्वार लाखों लोगों को आध्यात्म से जोड़ेगा और उनके जीवन में सकारात्मकता लाएगा।
भक्तिद्वार के लिए तैयार की गई कई विशेष सीरीज का निर्देशन फिल्ममेकर जयदेव चक्रवर्ती ने किया है। इन कार्यक्रमों में आध्यात्मिक विषयों को आधुनिक प्रस्तुति के साथ दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है, जबकि उनकी भक्ति भावना को भी बरकरार रखा गया है।
