Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

राजस्थान निकाय चुनावों के पहले चरण की वोटिंग जारी, 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में


राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के लिए आज यानी कि बुधवार 9 सितंबर को मतदान हो रहा है। राज्य के 39 जिलों की 162 नगरीय निकायों में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो गई है। मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं और वोटिंग की प्रक्रिया जारी है। पहले चरण में 4 नगर निगम, 24 नगर परिषद और 134 नगर पालिकाओं के लिए मतदान हो रहा है। कुल 7,683 मतदान केंद्रों पर 57,52,278 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

पहले चरण में नगर निकायों के 5,393 पार्षद पदों के लिए 20 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में जिन चार नगर निगमों में चुनाव हो रहा है, उनमें अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा शामिल हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, जयपुर जिले की 19 में से 18 नगर निकायों में भी आज मतदान हो रहा है। इसके लिए जिले में 565 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

जयपुर जिले में चौमूं और शाहपुरा नगर परिषद के साथ 16 नगर पालिकाओं में मतदान हो रहा है। इनमें दूदू, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, बस्सी, सांभरलेक, वाटिका, चाकसू, जमवारामगढ़, फागी, नारायणा, फुलेरा, मनोहरपुर, बगरू, कानोता, खेजरोली और कालाडेरा नगर पालिकाएं शामिल हैं। जिले में मतदान को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।

पहले चरण में जयपुर के अलावा अजमेर, नागौर, टोंक, ब्यावर, भीलवाड़ा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, अलवर, सीकर, झुंझुनूं, जोधपुर, जालोर, पाली, सिरोही, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, डीडवाना-कुचामन, करौली, दौसा, डीग, खैरथल-तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा के नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है।

कुछ निकायों में चुनाव दो चरणों में कराया जा रहा है। बाड़मेर नगर परिषद के 55 वार्डों के लिए आज 9 सितंबर को पहले चरण में वोटिंग हो रही है। वहीं चौहटन नगर पालिका के 20 वार्डों के लिए दूसरे चरण में 11 सितंबर को मतदान होगा। दोनों चरणों की वोटिंग पूरी होने के बाद 14 सितंबर को जिला मुख्यालय पर मतगणना होगी।

नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के मतदान को देखते हुए आज, 9 सितंबर को मतदान वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट के तहत भी लागू रहेगा। इसके अलावा 11 सितंबर को जयपुर नगर निगम क्षेत्र में मतदान के दिन भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा। अगर किसी मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान की जरूरत पड़ती है, तो संबंधित मतदान क्षेत्र में जिस दिन दोबारा वोटिंग होगी, उस दिन भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

राजस्थान में कुल 309 नगरीय निकायों के चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण के लिए आज 9 सितंबर को मतदान हो रहा है, जबकि दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद सभी निकाय चुनावों के नतीजे 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे। इस चुनाव में लाखों मतदाता अपने स्थानीय प्रतिनिधियों को चुनेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |