कोडरहा नौबरार पंचायत के भगवान टोला टीपुरी में प्रशासन ने पहुंचाई सहायता, एसडीएम ने लिया वितरण व्यवस्था का जायजा
बलिया। बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों के बीच प्रशासन ने राहत पहुंचाने की पहल तेज कर दी है। कोडरहा नौबरार पंचायत के भगवान टोला टीपुरी गांव में सोमवार को शासन की ओर से 200 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन किट वितरित की गई। राहत सामग्री मिलने से बाढ़ की कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे ग्रामीणों को काफी सहारा मिला।
पंचायत के ग्राम सचिवालय पर आयोजित राहत वितरण कार्यक्रम में पात्र बाढ़ पीड़ित परिवारों को राशन किट उपलब्ध कराई गई। इस दौरान एसडीएम रसड़ा रणबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर राहत वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और यह जानकारी प्राप्त की कि सरकारी सहायता पात्र लोगों तक सुचारु रूप से पहुंच रही है या नहीं।
उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें समय से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता से वंचित न रहना पड़े।
मौके पर क्षेत्रीय लेखपाल अजित कुमार यादव, ग्राम प्रधान अशोक कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। राहत सामग्री मिलने पर ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन के प्रति आभार जताया।
अधिकारियों ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य आगे भी जारी रहेंगे।
