Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पीलीभीतः सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का खाका तैयार! 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान




पीलीभीत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर बुधवार को गांधी सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। राज्यमंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग उत्तर प्रदेश बलदेव सिंह औलख की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान को व्यापक जनभागीदारी का रूप देने के निर्देश दिए गए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे। कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, साथ ही योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को प्रभावी तरीके से प्रचारित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा से जुड़ी उपलब्धियों के प्रसार के साथ युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भर राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में वार्डवार दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम आयोजित कर उपकरण व डेमो चेक वितरित किए जाएंगे। शिक्षण संस्थानों और लाभार्थियों से दीया जलवाने के साथ गोमती उद्गम स्थल पर विशेष दीया कार्यक्रम होगा। जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर और प्रमुख मंदिरों, सरोवरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों व चिकित्सालयों में शाम सात बजे विशेष दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

17 सितंबर से सात अक्टूबर तक विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर प्रतियोगिताएं होंगी। ‘नमो सेवा’ के तहत नुक्कड़ नाटक और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ से जुड़े कार्यक्रम कराए जाएंगे। दो अक्टूबर को सभी विकासखंड, तहसील मुख्यालय, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में नुक्कड़ नाटक आयोजित होंगे।

25 सितंबर से सात अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ उत्सव होगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और हेल्दी बेबी प्रतियोगिता कराई जाएगी। ‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रमाणिक रील्स तैयार कर प्रसारित की जाएंगी। आवास, शौचालय, विद्यालय, पंचायत भवन, अन्नपूर्णा भवन, उत्सव भवन और पुस्तकालय भवन समेत विकास कार्यों की रील्स बनाकर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशा मुक्ति, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, रक्तदान और श्रमदान जैसी गतिविधियों में नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। 28 सितंबर से चार अक्टूबर तक प्रत्येक विकासखंड में स्वास्थ्य एवं दिव्यांग शिविर लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत गांधी स्टेडियम में रंगोली कार्यक्रम, जबकि ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत रोजगार मेले का आयोजन होगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ में जनप्रतिनिधियों के साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कराया जाएगा। तीर्थस्थलों पर महायज्ञ, प्रार्थना सभाएं और ग्राम चैपाल भी आयोजित होंगी।

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियान के सभी कार्यक्रम समयबद्ध, प्रभावी और व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि जनता की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील निस्तारण का माध्यम बने। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानन्द, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |