Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

जन्माष्टमी शोभायात्रा में बड़ा हादसा, 15 फीट ऊपर डीजे पर बैठे 4 युवक गिरे


मध्य प्रदेश के सतना जिले में जन्माष्टमी के जश्न में निकली शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा हुआ। बाजार क्षेत्र से निकली शोभायात्रा में शामिल डीजे वाहन पर करीब 15 फीट की ऊंचाई पर बैठे चार युवक अचानक सड़क पर आ गिरे। खराब सड़क पर वाहन के हिचकोले खाने से डीजे साउंड का संतुलन बिगड़ा और उसके ऊपर बैठे युवक साउंड सिस्टम समेत नीचे जा गिरे। इस घटना का हैरान करने वाला वीडियो भी सामने आया है, जिसे देख कोई भी डर जाएगा। यह हादसा सुभाष पार्क क्षेत्र में हुआ।

घटना का पूरा दृश्य आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका फुटेज अब सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि डीजे वाहन आगे बढ़ रहा है और उसके ऊपर साउंड सिस्टम पर चार युवक बैठे हुए हैं। जैसे ही वाहन खराब सड़क से गुजरता है अचानक जोरदार हिचकोला लगता है। इससे युवक अपना संतुलन खो देते हैं और कुछ ही सेकंड में साउंड बॉक्स के साथ नीचे सड़क पर गिर जाते हैं।

चारों युवकों के सड़क पर गिरते ही शोभायात्रा में अफरा-तफरी मच गई। साउंड सिस्टम भी उनके ऊपर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल युवकों को संभाला और डीजे वाहन को रोककर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल चार युवकों में से दो का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि दो युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी।

हादसे ने शोभायात्राओं में डीजे वाहनों पर युवकों के खतरनाक तरीके से बैठने पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। चलती गाड़ी में करीब 15 फीट की ऊंचाई पर भारी साउंड सिस्टम के ऊपर बैठना किसी बड़े हादसे को न्योता देने से कम नहीं था। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हादसे की भयावहता साफ नजर आ रही है। कुछ सेकंड की यह घटना दिखाती है कि जश्न के बीच थोड़ी सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |