Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

प्रतापगढः डीएम एवं एसपी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में सुनी फरियादियों की शिकायतें, 11 शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण! शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने लेखपाल को लगाई कड़ी फटकार


प्रतापगढ़। जिले में शनिवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय की अध्यक्षता में तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए सम्बन्धित अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 137 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए पहुंचे। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 75, पुलिस विभाग की 17, विकास विभाग की 05, समाज कल्याण विभाग की 01, विद्युत विभाग की 01, आपूर्ति विभाग की 09 तथा अन्य विभागों से सम्बन्धित 29 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें राजस्व विभाग की 07, पुलिस विभाग की 03 तथा अन्य विभाग की 01 शिकायत सहित कुल 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया गया। पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने सुना।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सगरा सुन्दरपुर के लेखपाल सर्वेश यादव द्वारा कार्यों में लापरवाही एवं उदासीनता बरते जाने का मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में आया। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए लेखपाल को फटकार लगाई तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए उपजिलाधिकारी लालगंज को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत के निस्तारण में शिकायतकर्ता की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा शिकायतों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि भूमि विवाद से सम्बन्धित मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी जाए और स्थलीय जांच के आधार पर प्रभावी निस्तारण कराया जाए, जिससे विवादों का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। कोई भी गरीब एवं पात्र व्यक्ति कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने पाए, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पुलिस विभाग से सम्बन्धित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को विनम्रता एवं गंभीरता से सुना जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |