Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

10 हजार रुपये के लिए बिक गया अधिकारी! ACB ने रंगे हाथ पकड़ा


छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी कि ACB ने एक खंड शिक्षा अधिकारी को कथित तौर पर रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी पर एक महिला कर्मचारी के 16 लाख रुपये के बकाया वेतन या एरियर का भुगतान कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। आरोपी की पहचान चंद्र कुमार यारदा के रूप में हुई है, जो सुकमा के कोंटा में खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर तैनात है। ACB के एक अधिकारी ने बताया कि यारदा को बुधवार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।

सुकमा के मिसमा गांव निवासी कवासी मंगल राम ने जगदलपुर स्थित ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, उनकी पत्नी कवासी सुशीला डूब्बाटोटा स्थित कन्या आश्रम में अधीक्षिका के पद पर तैनात हैं। कन्या आश्रम सरकार द्वारा संचालित लड़कियों का आवासीय विद्यालय है। सुशीला के वेतनमान का निर्धारण होने के बाद उन्हें करीब 16 लाख रुपये की बकाया राशि मिलनी थी। बताया जा रहा है कि इसी रकम के भुगतान को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी या BEO ने रिश्वत मांगी थी।

मंगल राम के मुताबिक, जब उन्होंने इस बकाया राशि के भुगतान को लेकर कोंटा के BEO चंद्र कुमार यारदा से संपर्क किया, तो अधिकारी ने कथित तौर पर भुगतान कराने के बदले कुल एरियर का 5 प्रतिशत कमीशन मांगा। इस हिसाब से रिश्वत की रकम करीब 80 हजार रुपये बनती थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन किया। अधिकारियों के मुताबिक, सत्यापन के दौरान आरोपी अधिकारी पहली किस्त के तौर पर 10 हजार रुपये लेने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद ACB ने जाल बिछाया।

बुधवार को जब चंद्र कुमार यारदा ने शिकायतकर्ता कवासी मंगल राम से 10 हजार रुपये लिए, तभी ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। ACB ने आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से एक बार फिर सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने के मामले का पर्दाफाश हुआ और रिश्वतखोर अधिकारी कानून के शिकंजे में आया। बता दें कि पिछले साल भी ACB ने एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |