Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

तीन कारों में हो रही थी रेस, तभी SUV ने मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को कुचला


महाराष्ट्र के नागपुर में रविवार सुबह तेज रफ्तार एसयूवी की चपेट में आने से 74 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सिविल लाइंस इलाके में जापानी गार्डन रोड पर सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पुलिस ने इस मामले में एसयूवी चालक समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कैलाश सोंडिया के रूप में हुई है। वह जापानी गार्डन के पास सुबह की सैर कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय इलाके में तीन कारें तेज रफ्तार से एक-दूसरे से होड़ करते हुए दौड़ रही थीं। इसी दौरान एक एसयूवी ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे में अन्य वाहन भी शामिल थे या नहीं और क्या वे रेस कर रहे थे।

गिट्टीखदान थाने के निरीक्षक सरन मिराशी ने बताया कि पुलिस ने एसयूवी चालक तुषार काकड़े और उसके साथ मौजूद यश शिंदे और हिमांशु राउत को हिरासत में लिया है। चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय एसयूवी में सवार लोग शराब के नशे में थे या नहीं। अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में एसयूवी में तीन लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वाहन में तीन से अधिक लोग तो नहीं थे। हादसे में एसयूवी सवार एक व्यक्ति भी घायल हुआ है।

पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल और आस-पास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के वक्त कितने वाहन तेज रफ्तार से चल रहे थे और क्या अन्य कारें भी इस हादसे में शामिल थीं। ऐसी ही एक खबर महाराष्ट्र के सातारा जिले से आई थी, जहां पुणे-सातारा हाईवे पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |