सोनभद्र। नगर पालिका परिषद रॉबर्ट्सगंज की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भेंट के दौरान नगरों के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा चल रही एवं प्रस्तावित विकास परियोजनाओं को और अधिक गति देने के संबंध में विचार-विमर्श हुआ। नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने नगर पालिका क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को मंत्री के समक्ष रखा।
ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर के विकास कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सुझाव दिए। उन्होंने नागरिक सुविधाओं को मजबूत बनाने तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
नपा अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने कहा कि मंत्री से प्राप्त मार्गदर्शन के आधार पर नगर में विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
