हत्या के बाद शव को सड़क किनारे फेंककर दुर्घटना का रूप देने की थी साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने किया पर्दाफाश।
शक्तिनगर (सोनभद्र)। थाना शक्तिनगर पुलिस ने प्रेम-प्रसंग में हुई एक सनसनीखेज हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को सड़क किनारे ले जाकर सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया था।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले का सफल अनावरण किया।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त को बीना स्टेडियम-जमशीला मार्ग के पास एनसीएल बीना में वरिष्ठ ओवरमैन पद पर कार्यरत रमाशंकर मिश्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिला था। प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने गहन जांच शुरू की। इस संबंध में थाना शक्तिनगर में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर पता चला कि मृतक की पत्नी प्रियंका मिश्रा का विकास चौहान के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 22 अगस्त को रमाशंकर मिश्रा ने दोनों को घर पर देख लिया था, जिसके बाद विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान प्रियंका और विकास ने गला दबाकर तथा सिर फर्श पर पटककर रमाशंकर की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद विकास चौहान ने अपने सहयोगियों अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता की मदद से शव को चादर और गमछे में लपेटकर सड़क किनारे पहुंचाया तथा वाहन से चोट पहुंचाकर घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
पुलिस ने मामले में विकास चौहान, प्रियंका मिश्रा, अनुराग सिंह उर्फ बादल और सोनू गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने हत्या और साक्ष्य छिपाने की साजिश की बात स्वीकार की है।
इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों और एनसीएल कर्मियों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
