सम्पर्क मार्ग व विद्युतीकरण कार्यों की होगी तकनीकी जांच, मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच के भी निर्देश।
सोनभद्र, 29 अगस्त। जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड ने की।
बैठक में विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कराई जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा अधिकारियों द्वारा नियमित स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की निगरानी की जाए।
मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान राज्यमंत्री ने कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने पात्रता की पारदर्शी जांच कर सभी पात्र परिवारों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
सम्पर्क मार्गों एवं विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्यमंत्री ने गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यदायी संस्थाएं एवं संबंधित अधिकारी नियमित निरीक्षण कर मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें। साथ ही विकास कार्यों के शिलान्यास एवं लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराए जाने के निर्देश भी दिए।
औषधि विभाग की समीक्षा के दौरान राज्यमंत्री ने मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच कराने तथा बिना वैध अनुमति नारकोटिक एवं नियंत्रित श्रेणी की दवाओं की बिक्री पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेखों की भी जांच कराने तथा नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में राबर्ट्सगंज एवं घोरावल विधानसभा क्षेत्रों के प्रतिनिधि, प्रमुखगण, खंड विकास अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, परियोजना निदेशक, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला विकास अधिकारी, समिति के नामित सदस्य, ग्राम प्रधान तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
