सोनभद्र। खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ी पहल करते हुए शासन ने तियरा स्टेडियम के जीर्णोद्धार एवं आधुनिकीकरण के लिए 6.73 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दे दी है। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को सौंपी गई है।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि स्टेडियम में पवेलियन भवन की मरम्मत, वॉलीबॉल कोर्ट में सिंथेटिक फ्लोरिंग, बाउंड्री फेंसिंग, दर्शक दीर्घा का सुदृढ़ीकरण, छात्रावासों का रंग-रोगन, बास्केटबॉल व टेबल टेनिस कोर्ट निर्माण, जलनिकासी व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसे कार्य कराए जाएंगे।
बुधवार को डीएम ने स्टेडियम का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास भवन, खेल कोर्ट, प्रकाश व्यवस्था और सीसी सड़क निर्माण पर विशेष ध्यान देने को कहा। प्रशासन का दावा है कि जीर्णोद्धार के बाद तियरा स्टेडियम आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस होकर जिले के खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच बनेगा।
