Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

अब मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर के दान की होगी विशेष जांच


मुंबई के प्रसिद्ध श्री सिद्धिविनायक गणपति मंदिर में कथित दान अनियमितता के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंदिर में पिछले पांच सालों के दौरान प्राप्त नकद दान, आभूषणों और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं का विशेष ऑडिट (लेखापरीक्षण) कराने के निर्देश दिए हैं।

सूत्रों के अनुसार, विशेष ऑडिट के दौरान मंदिर में प्राप्त नकद दान, सोना-चांदी के आभूषण, अन्य कीमती वस्तुओं की प्रविष्टियों, वित्तीय लेन-देन और उनके रखरखाव व प्रबंधन की विस्तृत जांच की जाएगी। ऑडिट का उद्देश्य दान से जुड़े रिकॉर्ड और प्रबंधन व्यवस्था की पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

जानकारी के मुताबिक, ऑडिट रिपोर्ट आने के बाद सरकार आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगी। यदि जांच में किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता या नियमों के उल्लंघन के प्रमाण मिलते हैं, तो संबंधित अधिकारियों या जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

मालूम हो कि इस फैसले से एक दिन पहले सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सदा सरवणकर ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से मुलाकात की थी। इसके बाद मंदिर के दान और वित्तीय रिकॉर्ड के विशेष ऑडिट का निर्णय लिया गया।

सिद्धिविनायक मंदिर देश के सबसे प्रतिष्ठित और सर्वाधिक दान प्राप्त करने वाले मंदिरों में शामिल है। ऐसे में विशेष ऑडिट के इस फैसले को मंदिर प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित भव्य राम मंदिर के दानपात्र और चंदा में कथित चोरी का मामला सामने आया है। इस पूरे मामले की जांच SIT की टीम कर रही है। मंदिर में चंदा चोरी की घटना को लेकर विपक्ष लगातार यूपी में योगी सरकार और केंद्र में मोदी सरकार पर हमलावर है। अयोध्या राम मंदिर के बाद अब अन्य प्रसिद्ध मंदिर के दानपात्र और चढ़ावे में पारदर्शिता को लेकर सख्ती बरती जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |