Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

पटना में जमीन विवाद को लेकर खूनी खेल, ताबड़तोड़ हुई फायरिंग, 1 की मौत


पटना के गौरीचक थाना इलाके में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बदमाशों ने एक व्यक्ति पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद भाग रहे दो हमलावरों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी। इलाज के दौरान एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरा अस्पताल में भर्ती है।

घटना मंगलवार रात गौरीचक थाना क्षेत्र के लक्ष्मीचक गांव की है, जहां जमीन विवाद को लेकर अपराधियों ने सुरेश सिंह उर्फ मास्टर को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि सुरेश सिंह इस हमले में सुरक्षित बच गए। वारदात के बाद तीनों हमलावर भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर दो आरोपियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना पर गौरीचक और परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल विवेक कुमार और सूरज कुमार को पुलिस ने भीड़ से छुड़ाकर पीएमसीएच पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान सूरज कुमार की मौत हो गई। विवेक कुमार का इलाज किया जा रहा है।

पटना के सदर पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी-2 रंजन कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक बाइक बरामद की है। जांच में पता चला है कि बरामद बाइक फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में जमीन विवाद को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद लक्ष्मीचक और आसपास के इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |