सोनभद्र, 29 अगस्त। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे "ऑपरेशन शुद्धि" के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस एवं एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने अन्तर्राज्यीय गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए उड़ीसा से बलिया ले जाया जा रहा 36.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया गया। बरामद गांजे और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम 28 अगस्त की रात चन्द्रयान तिराहा, भण्डार खुर्द हाईवे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर हिन्दुआरी की ओर से आ रही स्कॉर्पियो को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वाहन सवार भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें रात करीब 10 बजे पकड़ लिया गया।
क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्रा की मौजूदगी में तलाशी लेने पर वाहन से 37 बंडलों में छिपाकर रखा गया 36.5 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 550 रुपये नकद तथा एक किया कार की चाबी भी बरामद की गई।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे उड़ीसा के सम्भलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर बलिया पहुंचाने का काम करते थे। इसके बदले प्रत्येक व्यक्ति को करीब 15 हजार रुपये दिए जाते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि तस्कर पुलिस की निगरानी से बचने के लिए व्हाट्सएप कॉल और लोकेशन का उपयोग करते थे।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 721/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विधिचन्द्र यादव (मऊ), साजिद अली, रईस खान और आदित्य जायसवाल (कुशीनगर) शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन शुद्धि के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
