Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: साइबर ठगी के जाल में फंसाकर युवक को किया ब्लैकमेल, आत्महत्या मामले में 25 हजार का इनामिया आरोपी गिरफ्तार।

सोनभद्र। जिले के बीजपुर थाना क्षेत्र में युवक की आत्महत्या से जुड़े चर्चित साइबर अपराध मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया वांछित आरोपी को राजस्थान के अलवर से गिरफ्तार किया है। बभनी थाना और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी वारिस खान को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का फर्जी विज्ञापन देकर युवक को अपने जाल में फंसाया था।
पुलिस के मुताबिक 5 जून 2026 को बीजपुर थाना क्षेत्र के मेमना गांव निवासी प्रवेश कुमार ने आत्महत्या कर ली थी। मामले की जांच के दौरान पता चला कि मृतक के मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से लगातार कॉल आ रही थीं। साइबर सेल द्वारा मोबाइल फोन और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया, जिसमें कॉल डिटेल और धनराशि के लेनदेन का संबंध राजस्थान के अलवर जिले से जुड़ा मिला।
जांच के दौरान आरोपी की पहचान वारिस खान के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन, संबंधित सिम कार्ड तथा 1,050 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल में साइबर ठगी से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं तथा MobiKwik Wallet में प्राप्त धनराशि की जानकारी भी सामने आई है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर फेसबुक पर सस्ते लैपटॉप का फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को झांसे में लेने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार आरोपी ने प्रवेश कुमार से सामान भेजने, टैक्स और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर धनराशि ली। इसके बाद एक लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया और निजी डाटा प्राप्त कर AI तकनीक की मदद से अश्लील वीडियो तैयार करने तथा उसे परिजनों व रिश्तेदारों को भेजने की धमकी दी।
पुलिस का दावा है कि इसी मानसिक प्रताड़ना और दबाव के कारण युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी हरियाणा, गुजरात, राजस्थान और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में अलग-अलग तरीकों से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा जा रहा है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर आकर्षक ऑफरों और अनजान लिंक से सावधान रहने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |