सोनभद्र। चीनी के बढ़ते दामों पर नियंत्रण और बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी ओबरा द्वारा शनिवार को क्षेत्र के चीनी स्टॉकिस्टों के प्रतिष्ठानों एवं गोदामों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान ओबरा स्थित बालाजी ट्रेडर्स तथा चोपन स्थित अनूप ट्रेडर्स और मोहित ट्रेडर्स के प्रतिष्ठानों में उपलब्ध चीनी के स्टॉक का सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने स्टॉक संबंधी अभिलेखों की जांच करते हुए उपलब्ध मात्रा का मिलान भी कराया।
उपजिलाधिकारी ने सभी स्टॉकिस्टों एवं व्यापारियों को निर्देश दिया कि भारत सरकार की व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार को पोर्टल पर उपलब्ध चीनी स्टॉक की जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी स्थिति में चीनी की जमाखोरी न हो और उपभोक्ताओं को बाजार में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध होती रहे।
निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को चेतावनी दी गई कि यदि किसी प्रतिष्ठान पर जमाखोरी, स्टॉक छिपाने अथवा अन्य किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चीनी के मूल्य एवं उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शासन के निर्देशों के अनुपालन में आगे भी स्टॉकिस्टों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण जारी रहेगा।
